यूपी नंबर पिकअप में छह सांड बरामद, पुलिस की निगरानी पर सवाल,चौसा की ओर जाने को लेकर उठे सवाल

बक्सर जिले में गोवंशों के अवैध परिवहन से जुड़े अब लगातार सामने आ रहे मामलों ने पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक दिन पहले भांवरकोल थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर नाव के जरिए 60 गोवंशों को ले जाने का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच में इनके चौसा की ओर ले जाए जाने की बात सामने आई थी। इसके अगले ही दिन बक्सर के हादीपुर के पास छह सांडों से लदा एक पिकअप ग्रामीणों ने पकड़ लिया। खास बात यह है कि पिकअप पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण नंबर यूपी 32 जेएन 9849 दर्ज है और यह वाहन भी बक्सर से चौसा की ओर जा रहा था।


गुरुवार की अहले सुबह हादीपुर के पास ग्रामीणों ने पिकअप को संदिग्ध स्थिति में जाते देखा। बताया गया कि वाहन का पिछला चक्का टूटकर दूर जा गिरा था। इसके बावजूद चालक तीन पहियों के सहारे पिकअप को भगाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन के अंदर से पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। सुबह टहल रहे ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों के पीछा करने पर चालक कुछ दूर आगे जाकर वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पिकअप पर लगा तिरपाल हटाया तो अंदर छह सांड बेहद कम जगह में ठूंसकर भरे मिले। पशुओं को पूरी तरह ढककर रखा गया था। इनमें से एक सांड की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर जीवित पांच सांडों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें पानी पिलाया।


घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप तथा जीवित गोवंशों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस अब पिकअप के नंबर यूपी 32 जेएन 9849 के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंशों को कहां से लाया गया था और चौसा में उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।


एक दिन पहले भांवरकोल थाना क्षेत्र में पकड़ी गई नाव और अब हादीपुर में बरामद पिकअप, दोनों मामलों में गोवंशों को चौसा की ओर ले जाने की प्रारंभिक जानकारी सामने आने से स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है। लगातार दो दिनों में सामने आए इन मामलों से इस मार्ग पर गोवंशों के परिवहन को लेकर पुलिस के सामने जांच का दायरा बढ़ गया है।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। वाहन और गोवंशों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने