चौसा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री उमानंद ब्रह्मबाबा परिसर में सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया गया। गुरुवार की सुबह शुरू हुआ अखंड हरिकीर्तन शुक्रवार तक जारी रहेगा। इस दौरान हरे राम, हरे राम, राम-राम, हरे-हरे और हरे कृष्ण, हरे कृष्ण के भक्तिमय उच्चारणों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। शुक्रवार को हरिकीर्तन के समापन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
दुर्गा मंदिर स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हरिकीर्तन में बुजुर्गों से लेकर युवा और बच्चे तक शामिल हुए। लगातार हो रहे भजन-कीर्तन से श्रद्धालु भक्ति के रंग में डूबे नजर आए। लोगों ने भगवान से सुख-शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
अखंड हरिकीर्तन में बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची कीर्तन मंडलियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबोए रखा। ढोलक, मंजीरा और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ कलाकारों की प्रस्तुति से माहौल और भी भक्तिमय हो गया। कीर्तन मंडलियों के साथ स्थानीय श्रद्धालु भी भजन में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने।
आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु ब्रह्मबाबा परिसर में पहुंचकर हरिकीर्तन में शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शुक्रवार को हरिकीर्तन के समापन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पिंटू उपाध्याय, शशांक शेखर, मंगला राय, अरविंद चौधरी, आयुष, प्रीतम और विद्या चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि अखंड हरिकीर्तन का आयोजन क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ किया गया है।


