विश्वामित्र सेना के प्रयासों का असर: बक्सर के समग्र विकास की गूंज राज्यसभा तक, राजकुमार चौबे बोले – जल्द दिखेगा विकास

बक्सर: के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विश्वामित्र सेना द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे प्रयासों का असर अब संसद तक दिखाई देने लगा है। बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में सांसद मानन कुमार ने केंद्र सरकार का ध्यान बक्सर जिले के समग्र विकास और यहां स्थित पौराणिक तीर्थ स्थलों के संरक्षण व सुविधाओं की ओर आकर्षित किया।


सांसद ने सदन में कहा कि बक्सर प्राचीन काल से धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है। यहां रामरेखा घाट, सिद्धाश्रम, वामन अवतार स्थल, वामलेश्वर मंदिर, नाथबाबा मंदिर और ब्रह्मणेश्वर स्थान जैसे कई ऐतिहासिक तीर्थ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, उज्जैन और द्वारका की तर्ज पर बक्सर को भी विकसित किए जाने की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन अब तक यहां आधारभूत सुविधाओं, पर्यटन ढांचे, आवागमन और स्वच्छता के क्षेत्र में अपेक्षित कार्य नहीं हो सका है।


उन्होंने केंद्र सरकार से बक्सर में पर्यटन आधारित विकास, सड़क एवं परिवहन व्यवस्था, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए योजनाएं संचालित करने की मांग की।

इधर, विश्वामित्र सेना के सदस्य रवि राज कुमार ने कहा कि संगठन लंबे समय से बक्सर को अयोध्या-काशी की तर्ज पर विकसित करने और सनातन संस्कृति के संरक्षण की मांग उठाता रहा है। सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे द्वारा सनातन जोड़ो यात्रा, गंगा आरती, रामनवमी पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और विभिन्न प्रेस वार्ताओं के माध्यम से लगातार बक्सर के विकास का मुद्दा उठाया गया है।

इन प्रयासों का ही परिणाम है कि अब बक्सर से जुड़े मुद्दे राजनीतिक गलियारों में प्रमुखता से उठने लगे हैं। राज्यसभा से लेकर लोकसभा तक विश्वामित्र सेना की मांगों की गूंज सुनाई दी है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजकुमार चौबे ने कहा, “जल्द ही यह गूंज बक्सर तक विकास के रूप में पहुंचेगी। हमारा संकल्प है कि बक्सर की पहचान अयोध्या और काशी की तरह स्थापित हो। जब तक यह लक्ष्य पूरा नहीं होगा, हमारी आवाज लगातार बुलंद रहेगी।”

स्थानीय लोगों को भी उम्मीद है कि संसद में उठी यह मांग अब बक्सर के विकास की नई राह खोलेगी और रोजगार के साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अनुसूचित जनजाति राज्य आयोग के सदस्य ने की समीक्षा बैठक, कई विभागों को दिए निर्देश

बक्सर के डॉ. जगनारायण मिश्र का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चौसा नगर का नाम किया रोशन

चौसा स्वास्थ्य केंद्र में नई रोगी कल्याण समिति का गठन, चंदा देवी बनीं सदस्य