मझरिया अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुँची विश्वामित्र सेना, कंबल वितरण कर दिया सहारा
बक्सर : मझरिया गांव में हाल ही में लगी भीषण आग की घटना के बाद प्रभावित परिवारों के बीच राहत और सहायता का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय विश्वामित्र सेना ने मानवीय पहल करते हुए अग्नि पीड़ितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। संगठन के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर कंबल वितरण किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंगलवार को विश्वामित्र सेना के कार्यकर्ता गोवर्धन चौबे के नेतृत्व में टीम मझरिया गांव पहुंची, जहां आग से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों को कंबल उपलब्ध कराए गए। ठंड के मौसम को देखते हुए यह सहायता पीड़ितों के लिए काफी राहत भरी साबित हुई। कई परिवारों ने बताया कि आग लगने से उनका घर और जरूरी सामान जलकर राख हो गया है, ऐसे में यह सहयोग उनके लिए संबल का काम करेगा।
इस मौके पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि संगठन सदैव समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा, “अग्निकांड जैसी घटनाएं परिवारों को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ देती हैं। ऐसे समय में समाज और संगठनों का दायित्व है कि वे आगे बढ़कर मदद करें। विश्वामित्र सेना पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि केवल कंबल वितरण तक ही मदद सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री, वस्त्र और अन्य राहत सामग्री भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया।
विश्वामित्र सेना के इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में इस प्रकार की मानवीय पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और लोगों को हौसला मिलता है।
राहत कार्य के दौरान गांव में सहयोग और संवेदना का माहौल देखने को मिला, जिससे पीड़ित परिवारों के चेहरों पर उम्मीद की किरण दिखाई दी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें