बक्सर में पत्रकार को धमकी का मामला, विश्वामित्र सेना के अध्यक्ष सहित 10 पर प्राथमिकी दर्ज

बक्सर।जिले में पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बक्सर टॉप न्यूज़ के संचालक एवं पत्रकार चन्द्रकान्त “निराला” ने विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चौबे समेत कुल दस लोगों के खिलाफ नहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दर्ज आवेदन के अनुसार, चन्द्रकान्त निराला पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े हैं और ‘बक्सर टॉप न्यूज़’ नामक समाचार पोर्टल का संचालन करते हैं। वे विभिन्न मीडिया संस्थानों से भी संबद्ध रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से वे विश्वामित्र सेना की गतिविधियों से जुड़ी खबरें प्रकाशित कर रहे थे। इस दौरान संगठन के विज्ञापन भी उनके पोर्टल पर प्रकाशित हुए, जिनका भुगतान नियमित रूप से किया गया।


आवेदन में उल्लेख है कि हाल के दिनों में संगठन से जुड़े रहे मुनमुन चौबे और राहुल पांडेय ने उन्हें जानकारी दी कि संगठन के कुछ कार्यक्रमों में टेंट, बाजा और वाहन चालकों का भुगतान लंबित है। दोनों ने इस विषय को सार्वजनिक करने का अनुरोध किया। पत्रकार का कहना है कि खबर प्रकाशित करने से पहले उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चौबे से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर खबर प्रकाशित की गई।

पत्रकार के आरोप के मुताबिक, खबर प्रकाशित होने के बाद 28 जनवरी की शाम एक व्यक्ति ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। इसके बाद मॉडल थाना चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोककर बातचीत की। आरोप है कि इस दौरान मोबाइल पर कथित रूप से राजकुमार चौबे से बात कराई गई, जहां आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने और विज्ञापन भुगतान को घूस बताने की धमकी भी दी गई। पत्रकार ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।

वहीं, इस मामले में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, यह मामला जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अनुसूचित जनजाति राज्य आयोग के सदस्य ने की समीक्षा बैठक, कई विभागों को दिए निर्देश

बक्सर के डॉ. जगनारायण मिश्र का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चौसा नगर का नाम किया रोशन

चौसा स्वास्थ्य केंद्र में नई रोगी कल्याण समिति का गठन, चंदा देवी बनीं सदस्य