राजकुमार चौबे ने बक्सर को बनाया हॉट सीट, बक्सर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर स्थानीय राजनीति में नया समीकरण पैदा कर दिया है,
बक्सर। सत्या
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बक्सर विधानसभा सीट अब सियासी हलचल का केंद्र बन गई है। वजह हैं विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे, जिन्होंने लगातार बक्सर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर स्थानीय राजनीति में नया समीकरण पैदा कर दिया है।
राजकुमार चौबे लंबे समय से सनातन संस्कृति और बक्सर की धार्मिक धरोहरों के संरक्षण की आवाज बुलंद करते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में चली “बक्सर विश्वामित्र यात्रा” ने जिले की राजनीतिक दिशा को पूरी तरह बदल दिया है। इस यात्रा के दौरान उन्होंने बक्सर की धार्मिक नगरीय छवि को पुनर्स्थापित करने, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को विकसित करने और “विश्वामित्र कॉरिडोर” के निर्माण की मांग जोरदार तरीके से उठाई। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने अब भी बक्सर की अनदेखी की तो यह न सिर्फ धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक विरासत के साथ बड़ा अन्याय होगा।
उनकी इस सक्रियता से बक्सर के मौजूदा जनप्रतिनिधियों की निंद उड़ गई है। चौबे लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि जिस बक्सर को “महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि” और “मर्यादा पुरुषोत्तम राम की शिक्षा स्थली” कहा जाता है, वही आज विकास की मुख्यधारा से कैसे पिछड़ गया? उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से यहां न केवल रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सुधार होगा।
राजकुमार चौबे की इस जमीनी सक्रियता और जनता से जुड़ाव ने राष्ट्रीय पार्टियों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही बक्सर सीट पर अपने प्रत्याशी के चयन को लेकर गहरे मंथन में हैं। चौबे के बढ़ते प्रभाव ने इस सीट को “हॉट सीट” बना दिया है, जहां किसी भी दल के लिए जीत आसान नहीं होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौबे बक्सर की मिट्टी से जुड़े व्यक्ति हैं, जो बिना किसी राजनीतिक पद के ही विकास की बात कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी पोस्ट और वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं, जिससे युवाओं में उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या राजकुमार चौबे इस बार खुद चुनावी मैदान में उतरते हैं या फिर बक्सर को धार्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ाने का नेतृत्व किसी राजनीतिक दल से करेंगे। इतना तय है कि 2025 का चुनाव बक्सर में सिर्फ सियासी नहीं, बल्कि आस्था और अस्मिता की लड़ाई भी बनने जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें