बाहरी लोग सांसद विधायक बनने की होड़ में है,विश्वामित्र सेना बक्सर को विकसित बनाने की होड़ में है:राजकुमार चौबे

बक्सर में विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने जिले के विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर बड़ा बयान दिया है। बक्सर पहुंचे राजकुमार चौबे ने एक ओर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया, वहीं दूसरी ओर जिले के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “बाहरी लोग बक्सर में सांसद और विधायक बनने की होड़ में लगे हैं, जबकि विश्वामित्र सेना बक्सर को विकसित बनाने की लड़ाई लड़ रही है।”



उन्होंने कहा कि विश्वामित्र सेना लंबे समय से बक्सर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। इसी कड़ी में वामन भगवान मंदिर को केंद्रीय कारा परिसर से मुक्त कराने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस दिशा में पहल किए जाने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

राजकुमार चौबे ने बताया कि विश्वामित्र सेना ने पहले ही वामन भगवान मंदिर परिसर में एक विशाल कार्यक्रम के दौरान चेतावनी दी थी कि यदि मंदिर को केंद्रीय कारा परिसर से मुक्त नहीं कराया गया, तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि बक्सर की सांस्कृतिक पहचान और गौरव से जुड़ा मामला है।

उन्होंने कहा कि विश्वामित्र सेना आगे भी बक्सर के धार्मिक स्थलों के उत्थान और पर्यटन विकास के लिए संघर्ष जारी रखेगी। संगठन की प्राथमिकताओं में बक्सर में “विश्वामित्र कॉरिडोर” का निर्माण, एयरपोर्ट की स्थापना और पंचकोसी यात्रा स्थली का व्यापक विकास शामिल है। उनका कहना था कि यदि इन परियोजनाओं पर गंभीरता से काम हुआ तो बक्सर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।

राजकुमार चौबे ने दावा किया कि विश्वामित्र सेना का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि बक्सर के विकास और उसकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार जनता के मुद्दों को उठाता रहा है और आने वाले दिनों में बक्सर के विकास के लिए बड़े स्तर पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने