बक्सर के डॉ. जगनारायण मिश्र का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चौसा नगर का नाम किया रोशन




बक्सर, चौसा नगर पंचायत के खिलाफतपुर निवासी डॉ. जगनारायण मिश्र ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे जिले का मान बढ़ाया है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (संस्कृत) परीक्षा में उनका चयन हुआ है। यह पदभार उन्हें उच्च शिक्षा में संस्कृत विषय के क्षेत्र में मिलेगा, जिससे उनकी विद्वता और परिश्रम की आधिकारिक मान्यता मिली है।


डॉ. मिश्र, गीता प्रसाद मिश्र के पुत्र हैं और वर्तमान में झारखंड के हजारीबाग जिले स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बसारया चौपारण में प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की है। स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी के साथ-साथ उन्होंने UGC-NET और JRF जैसी राष्ट्रीय परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित TRE-I परीक्षा (संस्कृत विषय) में उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक शिक्षक श्रेणी में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक और कीर्तिमान स्थापित किया था।

राजपुर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में अध्यापन के दौरान ही उन्होंने यह परीक्षा उत्तीर्ण की, जो उनकी मेहनत, लगन और विद्वता को दर्शाता है। उनके चयन पर चौसा नगर सहित संपूर्ण बक्सर जिले में हर्ष का माहौल है।


चौसा नगर पंचायत की चेयरमैन किरण देवी, विक्रमादित्य गीता मिश्र उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार मिश्र, समाजसेवी धनन्जय पाण्डेय, शिक्षाविद डी.एन. सिन्हा, दयाशंकर तिवारी, विकास राज, शारदा देवी, कविन्द्र पाठक, जितेन्द्र मिश्र, हीरालाल उपाध्याय, रंगनाथ चौबे और राम अवतार सिंह सहित अनेक स्थानीय लोगों ने डॉ. मिश्र को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


डॉ. मिश्र की यह उपलब्धि न केवल चौसा नगर बल्कि समस्त युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है, जो कठिन परिश्रम और निष्ठा के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देती है।




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अनुसूचित जनजाति राज्य आयोग के सदस्य ने की समीक्षा बैठक, कई विभागों को दिए निर्देश

चौसा स्वास्थ्य केंद्र में नई रोगी कल्याण समिति का गठन, चंदा देवी बनीं सदस्य