बोल बम के जयकारों से गूंजी च्यवनमुनि की नगरी, विप्र नगर में कांवरिया सेवा शिविर लगा


चौसा (बक्सर), श्रावण मास की दूसरी सोमवारी – भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए चौसा का महादेवा घाट रविवार रात से ही शिवभक्तों की भीड़ से गुलजार रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ में पड़ोसी जिले रोहतास और कैमूर से आए हजारों कांवरियों ने गंगा का पवित्र जल लेकर पूरी रात "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयकारों से माहौल भक्तिमय कर दिया। जल लेकर निकले भक्त सोमवार की अहले सुबह अपने-अपने गांव के शिवालयों की ओर रवाना होते दिखे।


सोमवार की सुबह से ही चौसा और आसपास के शिव मंदिरों में बेलपत्र और गंगाजल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर तरफ गूंजते जयकारों और डमरू की धुन ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। कांवरियों में गेरुआ वस्त्रधारी वृद्ध, युवा, महिलाएं और बच्चे नाचते-गाते भक्ति भाव से जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ते दिखाई दिए।

इस दौरान कांवरियों की सुविधा के लिए विप्र नगर में युवा सम्राट क्लब की ओर से विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। ब्रजेश चौबे और गोलू चौबे के नेतृत्व में लगाए गए इस शिविर में चौसा-कोचस मार्ग से गुजरने वाले कांवरियों के लिए चाय, नाश्ता, शरबत और गर्म पानी की व्यवस्था की गई। शिविर में दर्जनों युवाओं ने मिलकर रातभर सेवा कर यात्रियों की थकान दूर की।

शिविर के प्रबंधन में प्रमुख रूप से राकेश चौबे, भुनेश्वर चौबे, मनोज खरवार, लक्ष्मण यादव, प्रशांत चतुर्वेदी, मनीष कुमार, दीपक कुमार, वीरेंद्र सेठ, तपेश्वर खरवार सहित कई वरिष्ठ सेवादार और युवा शामिल रहे। इन सभी के सहयोग से कांवरियों की सेवा व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही, जिससे गुजरने वाले श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया।

श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर महादेवा घाट और चौसा क्षेत्र का यह नजारा आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बना रहा, जहां गंगा जल से भरी कांवरें, शिव भजनों की गूंज और सेवा भाव से ओतप्रोत शिविर ने भक्तिमय वातावरण को और भी जीवंत कर दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अनुसूचित जनजाति राज्य आयोग के सदस्य ने की समीक्षा बैठक, कई विभागों को दिए निर्देश

बक्सर के डॉ. जगनारायण मिश्र का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चौसा नगर का नाम किया रोशन

चौसा स्वास्थ्य केंद्र में नई रोगी कल्याण समिति का गठन, चंदा देवी बनीं सदस्य