एलपीजी गैस टैंकर और बालू लदे ट्रक में टक्कर, गैस रिसाव से मची अफरातफरी – हाईवे पर 10 किमी लंबा जाम, बड़ा हादसा टला
नेशनल हाईवे 922 पर गुरुवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दलसागर टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर आगे, नया भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के पास रात लगभग 12 बजे एक एलपीजी गैस टैंकर और बालू से लदे तेज़ रफ्तार ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गैस टैंकर का सेफ्टी वाल्व फट गया और टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एलपीजी टैंकर के चालक मनोज गिरी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक से उतरकर दोनों ओर की आवाजाही को रोका और नया भोजपुर थाना तथा गैस प्लांट के सेफ्टी इंचार्ज को सूचना दी। आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन किलोमीटर तक का क्षेत्र खाली करा दिया और आने-जाने वाले सभी वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंच गईं और ऐहतियात के तौर पर टैंकर पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया गया। साथ ही, गैस प्लांट से आई सेफ्टी टेक्निकल टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को बंद किया। टीम के प्रभारी रंजीत कुमार ने पुष्टि की कि लीकेज पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है।
टक्कर के बाद बालू लदे ट्रक का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि गैस टैंकर के चालक मनोज गिरी ने बताया कि वह आरा से गोरखपुर जा रहे थे और जाम के कारण अपनी गाड़ी लेन में खड़ी किए हुए थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक आकर टकरा गया।
इस घटना के चलते हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, जिसे रात करीब दो बजे गैस रिसाव बंद होने और स्थिति सामान्य होने के बाद धीरे-धीरे हटाया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें