बक्सर जिला स्थापना दिवस पर हर्षोल्लास, चौसा नगर पंचायत में केक काटकर मनाया गया 35वां स्थापना दिवस
बक्सर, 17 मार्च को
बक्सर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर चौसा नगर पंचायत में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी और मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने केक काटकर जिले का 35वां स्थापना दिवस मनाया।
समारोह में विकास और जनभागीदारी पर दिया गया जोर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी और कहा कि,
"बिना जनभागीदारी के जिले का विकास संभव नहीं है। समाज के हर क्षेत्र से जुड़े लोग आगे आएं और सरकार व प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बक्सर तेजी से विकास के नए आयाम छू सके।"
वहीं, मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी ने जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की दूरदर्शी सोच और रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि,
"उनके नेतृत्व में बक्सर और चौसा नगर पंचायत को पूरे राज्य में एक अलग पहचान मिल रही है। शिक्षा, खेल, पर्यटन और चिकित्सा के क्षेत्र में बक्सर लगातार आगे बढ़ रहा है, और यहां के युवा पूरे देश में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं।"
बक्सर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर जोर
पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि,
"बक्सर अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वीरता की परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। यह भूमि न केवल प्राचीन इतिहास से जुड़ी हुई है, बल्कि इस मिट्टी ने कई महापुरुषों को जन्म दिया है। हमें अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर जिले की उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से बक्सर नए आयाम छू रहा है। हमें मिलकर इसे और आगे ले जाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस जिले पर गर्व कर सकें।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, आनंद जी रावत, हृदय नारायण सिंह, अशोक यादव, काजू मिश्रा, महेंद्र पांडे, रामबाबू प्रसाद, अंजू कुमारी, शैलेश कुशवाहा, सत्य प्रकाश, मंगल देव पासवान, जितेंद्र यादव, श्रीमान पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बक्सर के विकास का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर बक्सर को एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त जिला बनाने का संकल्प लिया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें