बक्सर के अकोढी गोला में मारपीट के दौरान अधेड़ की मौत, गांव में तनाव
बक्सर जिले के बैगन गोला थाना क्षेत्र के अकोढी गोला गांव में होली के दिन हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय किशुन पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होली की शाम गांव में कुछ लोग अबीर लगाने को लेकर आपस में झगड़ रहे थे। किशुन पासवान जब बीच-बचाव करने पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने तत्काल उन्हें बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सूचना पाकर बगेन गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक के दिव्यांग पुत्र रामजी पासवान ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। गांव में होली के दौरान हुए झगड़े को शांत कराने गए थे, लेकिन विवाद में शामिल लोगों ने उन पर भी हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता पर हमला करने वालों में गांव के विजय महतो, कलेंद्र कुमार और श्रीनिवास के लड़के समेत करीब आधा दर्जन लोग शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विश्वकर्मा यादव ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। घायल को परिजनों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रात 10 बजे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।
इस घटना के बाद से अकोढी गोला गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें