बक्सर में प्रभावित किसानों की बैठक, 20 मार्च को काला दिवस मनाने का निर्णय
बक्सा: प्रभावित किसान खेतिहर मजदूर मोर्चा, चौसा (बक्सर) के तत्वावधान में मंगलवार को बनारपुर पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष राम प्रवेश यादव ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. विजय नारायण राय ने किया। बैठक में सैकड़ों की संख्या में STPL परियोजना से प्रभावित किसान, मजदूर और बेरोजगार नौजवान शामिल हुए।
बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन के बिहार प्रदेश प्रभारी और संयुक्त किसान मोर्चा बिहार के संयोजक दिनेश कुमार थे। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से STPL कंपनी किसानों और मजदूरों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
बैठक में उपेंद्र राय, रामअवध सिंह यादव, जितेंद्र राय, शैलेश राय, हरिश्चंद्र साह, ओमकार चौहान, रामाकांत राजभर, राहुल राय, नंदलाल सिंह, नरेंद्र तिवारी, शर्मा तिवारी और गोरख नाथ पांडेय जैसे वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभी ने प्रशासन और STPL कंपनी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत 20 मार्च 2025 को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। यह विरोध प्रदर्शन 20 मार्च 2024 को कोचाढ़ी, मोहनपुरवा और बनारपुर गांवों में प्रशासन और STPL के कथित गुंडों द्वारा किए गए अत्याचार के खिलाफ होगा। इस दिन सभी प्रभावित किसान, मजदूर और बेरोजगार नौजवान काला पट्टी बांधकर चौसा गोला से जिला मुख्यालय बक्सर तक मार्च करेंगे। जिला मुख्यालय पर एक बड़ी सभा का आयोजन होगा, जिसमें भविष्य की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
प्रभावित किसान खेतिहर मजदूर मोर्चा के नेताओं ने कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से कंपनी किसानों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने हक के लिए अंतिम लड़ाई लड़ने को तैयार हैं और प्रशासन तथा STPL कंपनी के अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें