नगर संकीर्तन के माध्यम से सनातन संस्कृति का प्रचार
मुसाफिरगंज स्थित श्री श्री राधा मदनमोहन मंदिर द्वारा सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नगर संकीर्तन का आयोजन किया गया। यह संकीर्तन मंदिर के अध्यक्ष मनोहर दास प्रभु की अध्यक्षता में निकाली गई। नगर संकीर्तन रामरेखा घाट से प्रारंभ होकर मुनीम चौक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए पुनः रामरेखा घाट पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा के साथ भक्तों ने कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण प्रसादम् वितरित किया गया। भक्तों के उत्साह और भक्ति भाव ने वातावरण को संगीतमय और आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित मुकुंद सनातन ने अंग्रेजी नववर्ष को महज एक तारीख बताया और कहा कि भारतीय नववर्ष चैत्र मास शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है। उन्होंने सनातन संस्कृति के महत्व को समझाते हुए लोगों को भारतीय परंपराओं और त्यौहारों को अपनाने का संदेश दिया।
इस संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त शामिल हुए। इनमें अध्यक्ष मनोहर दास प्रभु, विनय प्रभु, वीरेंद्र कश्यप, मुकुंद सनातन, रोहित यादव, तुलसी चौधरी, पप्पू चौधरी, संजय पाठक, रवि केशरी, सिद्धार्थ, अभिषेक, अंकित, तारा माता, हेमलता, कनकलता, ऊषा, पुष्पा, सौम्या, हनुमान केशरी, रोहित, अभिमन्यु, श्रीराम, प्रीतम, शिवम, किसन, महावीर, अक्षत, रवि कुमार, सुधीर और रितेश सहित कई अन्य भक्तों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना था। नगर संकीर्तन ने भक्तों को एकजुटता और भक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक जागरूकता के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें