बक्सर रोहतास स्टेट हाइवे पर चौसा रेलवे फाटक आज रात रहेगा बंद, तीसरी रेल लाइन स्टेट हाइवे से पार कराने का होगा कार्य
बक्सर-रोहतास स्टेट हाईवे पर स्थित चौसा रेलवे फाटक आज रात पूरी तरह से बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने फाटक संख्या 78/A के पास तीसरी रेल लाइन को स्टेट हाइवे से पार कराने के लिए विशेष कार्य की अनुमति ली है। यह फाटक आज शाम 8 बजे से सुबह 4 बजे तक बंद रहेगा, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी।
रेलवे विभाग की टीम पूरी रात गुमटी के पास डीप स्क्रीनिंग और पैकिंग का कार्य करेगी। इसके कारण बक्सर से चौसा के रास्ते रोहतास और कैमूर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना होगा। प्रशासन ने लोगों को चौसा दुर्गा मंदिर मार्ग होते हुए चौसा स्टेशन या फिर बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग के जरिए धनसोई होकर गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी है।
रेलवे कर्मी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्य के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे ने मुफस्सिल थाना प्रभारी से सुरक्षा बल की तैनाती का आग्रह किया है। फाटक के पास पहले ही सूचना बोर्ड लगा दिया गया है, जिसमें साफ तौर पर बताया गया है कि 16 दिसंबर को शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक मार्ग बंद रहेगा। रेलवे ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है।
यात्रियों को सुझाव
बक्सर से रोहतास और कैमूर जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।समय का ध्यान रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं।रेलवे फाटक के पास किसी भी प्रकार के वाहन आवागमन की अनुमति नहीं होगी।रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह कार्य यात्रा सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें