रुकेंगे नहीं, स्वच्छ करेंगे :भरत पाण्डेय, 260वें सप्ताह में गंगा सफाई महाअभियान जारी
चौसा (बक्सर): गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के लिए गंगा युवा समिति, चौसा बक्सर के तत्वधान में लगातार 260वें सप्ताह रविवार को गंगा सफाई महाअभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व समिति के संयोजक भरत पांडेय ने किया। ठंड के मौसम के बावजूद भरत पांडेय मां गंगा की सेवा में समर्पित रहते हुए स्वच्छता अभियान को अकेले भी आगे बढ़ा रहे हैं।
गंगा युवा समिति का यह अभियान हर रविवार को "गंगा पुकार, निर्मल गंगा संकल्प हमारा" के संकल्प के साथ आयोजित किया जाता है। भरत पांडेय का उद्देश्य है कि मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाकर सनातन धर्म की इस आध्यात्मिक एवं पौराणिक धरोहर की रक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था का प्रतीक हैं और इसकी स्वच्छता का दायित्व प्रत्येक भारतीय का है।
रविवार को आयोजित इस सफाई महाअभियान में मल्लाह टोली घाट पर गंगा किनारे फैले कचरे और गंदगी को हटाया गया। अभियान में समिति के अन्य सदस्य जैसे मंगल देव पासवान, नीरज चौरसिया, श्री राम चौधरी और लाल जी चौधरी समेत कई स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। सभी ने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए अपना सहयोग और संकल्प दोहराया।
गौरतलब है कि यह सफाई अभियान पिछले कई वर्षों से अनवरत रूप से चलाया जा रहा है। भरत पांडेय ने आमजन से भी अपील की कि गंगा की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखने में सभी लोग आगे आएं। उन्होंने कहा कि जब तक मां गंगा स्वच्छ और निर्मल नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।गंगा युवा समिति के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की और अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें