गुजरात में सेटरिंग गिरने से जलीलपुर के युवक की मौत, आठ माह की गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल


चौसा प्रखंड के जलीलपुर गांव निवासी 30 वर्षीय युवक की गुजरात में भवन निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। निर्माण स्थल पर सेटरिंग का काम करने के दौरान अचानक ढांचा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की शाम मृतक का शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।

मृतक की पहचान जलीलपुर गांव निवासी अंबिका राजभर के बड़े पुत्र गोविंद राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गोविंद रोजगार की तलाश में गुजरात में रहकर एक कंपनी के माध्यम से भवन निर्माण से जुड़े सेटरिंग का काम करते थे। वह नियमित रूप से निर्माण स्थल पर काम करने जाते थे। गुरुवार को भी वह रोज की तरह निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सेटरिंग का ढांचा टूटकर नीचे गिर गया। गोविंद इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटना की सूचना वहां मौजूद लोगों और कंपनी से जुड़े लोगों ने परिवार को दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही जलीलपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे अधिक दुखद स्थिति मृतक की पत्नी की है, जो आठ माह की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद से वह बेसुध हो जा रही थी। परिवार के सामने अब आने वाले बच्चे के भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।

करीब तीन दिन बाद रविवार की शाम गोविंद का शव जलीलपुर गांव पहुंचा। शव के पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों की स्थिति देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि गोविंद परिवार के लिए कमाने वाले प्रमुख सदस्यों में शामिल थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी उत्पन्न हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद सदस्य पूजा कुमारी भी मृतक के घर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन एवं सरकार के स्तर पर पहल की जाएगी।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि मृतक के परिवार और आने वाले बच्चे के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिल सके।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने