बनारपुर में प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

 बक्सर जिले के बनारपुर अंबेडकर चौक पर वर्ष 2026 के प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजक बनारपुर निवासी सुजीत कुशवाहा हैं, जो फिलहाल दुबई में कार्यरत हैं। कार्यक्रम के माध्यम से गांव के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


समारोह में इस वर्ष बनारपुर गांव से फर्स्ट डिवीजन से उत्तीर्ण हुए कुल 22 विद्यार्थियों—11 लड़कियों और 11 लड़कों—को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छात्रों को प्रोत्साहन के रूप में नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गांव की टॉपर छात्रा लक्ष्मी कुमारी रहीं, जिन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें 3000 रुपये की नगद राशि, मेडल और ट्रॉफी देकर उत्साहित किया गया।

इस अवसर पर आयोजक सुजीत कुशवाहा ने दूर रहते हुए भी बनारपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव के गार्जियन, बड़े-बुजुर्गों और नवयुवकों के सहयोग के बिना इस तरह का आयोजन संभव नहीं हो पाता। उन्होंने सभी के सहयोग के लिए दिल से धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।


कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से चन्द्रशेखर, संदीप, बुद्धेश्वर और चंदिप की अहम भूमिका रही। इसके अलावा बनारपुर के समाजसेवी प्रदीप सिंह, शिवदयाल सिंह, रामाकांत सिंह और डॉ. अशोक जी की भी सराहनीय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह के दौरान गांव के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। अभिभावकों ने अपने बच्चों को सम्मानित होते देख गर्व महसूस किया, वहीं छात्रों में भी आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा जगी।

इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार करते हैं। बनारपुर में आयोजित यह प्रतिभा सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने