10 हजार में प्रभारी बीईओ ने बेचा ईमान, निगरानी ने रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा
जब शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में बैठे अधिकारी ही सौदेबाज़ बन जाएँ, तो व्यवस्था पर भरोसा कैसे बचे?
बक्सर।शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर थी, उसी पद पर बैठे एक अधिकारी ने महज 10 हजार रुपये के लिए अपने पद की गरिमा और ईमानदारी को गिरवी रख दिया। ब्रह्मपुर प्रखंड के प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी-सह-प्रभारी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी एकता भाई केन्द्र लक्की को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी डीएसपी रीता सिन्हा ने बताया कि यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 11/26 दिनांक 28.01.2026 के तहत की गई। आरोपी को उनके ब्रह्मपुर स्थित कार्यालय कक्ष से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते समय पकड़ा गया।
मामला एक शिक्षक से जुड़ा है। परिवादी सुधीर कुमार पाठक, वर्तमान शिक्षक मध्य विद्यालय गायघाट, ने निगरानी ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनके 4 लाख 63 हजार 587 रुपये के एरियर भुगतान के बदले प्रभारी बीईओ द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया।
सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि जिन शिक्षकों के हक और सम्मान की रक्षा करने की जिम्मेदारी शिक्षा पदाधिकारी की होती है, वही अधिकारी उन्हें लूटने और दबाने का जरिया बन गया। यह गिरफ्तारी न सिर्फ एक व्यक्ति का पतन है, बल्कि व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार पर करारा तमाचा भी है।
निगरानी टीम आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत करेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें