गंगा सफाई महाअभियान का 301वां रविवार : चौसा बाजार घाट पर युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
बक्सर : गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से पिछले छह वर्षों से लगातार चल रहे "गंगा सफाई महाअभियान" का 301वां रविवार इस बार चौसा बाजार घाट पर आयोजित किया गया। हर रविवार सुबह 7 से 8 बजे तक चलने वाले इस अभियान में गंगा युवा समिति चौसा के सदस्य और स्थानीय लोग शामिल होकर मां गंगा की सफाई करते हैं।
गंगा युवा समिति के संयोजक भरत पांडेय ने बताया कि यह अभियान वर्ष 2019 में शुरू किया गया था, और तब से लेकर आज तक बिना रुके लगातार हर रविवार गंगा की सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “मां गंगा भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की एकमात्र ऐसी नदी हैं, जिनका नाम मात्र लेने से पवित्रता का अनुभव होता है और जिनसे जुड़कर सभी पापों का अंत हो जाता है। गंगा की स्वच्छता सिर्फ आस्था ही नहीं बल्कि जीवन और संस्कृति से जुड़ा हमारा संकल्प है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि गंगा की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखें।”
उन्होंने आगे कहा कि “गंगा सफाई महाअभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाला अभियान है। जब तक मां गंगा पूरी तरह स्वच्छ और निर्मल नहीं हो जातीं, तब तक यह प्रयास अनवरत जारी रहेगा।”
इस 301वें अभियान में गंगा युवा समिति के सदस्य आकाश कुमार, नीरज चौरसिया, मंगलदेव पासवान, पप्पू चौरसिया, रविश जयसवाल, श्रीराम चौधरी सहित कई अन्य युवा साथी शामिल हुए। सभी ने मिलकर घाट पर जमा गंदगी को साफ किया और स्थानीय लोगों को भी नदी की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
गंगा सफाई अभियान की खास बात यह है कि इसमें किसी तरह का आर्थिक सहयोग या सरकारी संसाधन नहीं लिया जाता, बल्कि समिति के सदस्य स्वयंसेवी भावना से जुड़कर अपने श्रमदान से मां गंगा की सेवा करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा युवा समिति की यह पहल आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। लगातार छह वर्षों तक बिना रुके इस अभियान को जारी रखना एक बड़ी उपलब्धि है। इसने साबित कर दिया है कि सामूहिक संकल्प और प्रतिबद्धता से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
गौरतलब है कि गंगा न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका का आधार भी है। ऐसे में गंगा की निर्मलता और स्वच्छता को बनाए रखना समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। गंगा युवा समिति की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान इसी जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और निर्मल गंगा का संदेश देगा।
301वां रविवार गंगा सफाई महाअभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के साथ समिति ने यह संकल्प भी लिया कि आने वाले रविवारों में और अधिक लोगों को जोड़कर इस मुहिम को और व्यापक बनाया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें