बक्सर में चार स्थानों पर खुलेगा ओपन जिम, मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत 28 लाख की स्वीकृति
मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत बक्सर जिले के चार स्थानों पर ओपन जिम की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने कुल 28 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इस संबंध में महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), बिहार द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। खेल विभाग के आदेश के अनुसार, बक्सर जिले के विभिन्न वार्डों और विद्यालय परिसर में ओपन जिम लगाए जाएंगे, ताकि आम जनता और युवाओं को खेलकूद और शारीरिक फिटनेस के प्रति प्रेरित किया जा सके।
सरकार की ओर से स्वीकृत इस योजना के तहत जिन चार स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे, उनमें शामिल हैं — समाहरणालय आवासीय कॉलोनी परिसर, हनुमान मंदिर के पास अखीरीपुर गोला (वार्ड संख्या 12), आदर्श उच्च विद्यालय चौसा का खेल मैदान, तथा नरबतपुर हनुमान मंदिर के पास (वार्ड संख्या 1)
इन चारों स्थलों पर जिम उपकरणों और मशीनों की स्थापना के लिए कुल ₹28,00,000 (अट्ठाईस लाख रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि का व्यय वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न बजट शीर्षों के अंतर्गत किया जाएगा। आदेश के अनुसार, ₹23,24,000 राशि खेलकूद तथा युवा सेवाएँ के अंतर्गत, ₹4,48,000 राशि अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना के अंतर्गत तथा ₹28,000 राशि जनजातीय क्षेत्र उपयोजना के तहत स्वीकृत की गई है।
राशि की निकासी का कार्य जिला पदाधिकारी, बक्सर द्वारा जिला कोषागार से किया जाएगा। वहीं, खेल विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि ओपन जिम और उपकरणों की स्थापना खेल विभाग, बिहार के दिशा-निर्देशानुसार की जाए। इसके साथ ही, प्रत्येक स्थल पर “खेल विभाग, बिहार के सौजन्य से” लिखा बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि स्वीकृत राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं अंकेक्षण प्रतिवेदन समय पर खेल विभाग को उपलब्ध कराया जाए। यह स्वीकृति अपर मुख्य सचिव की अनुशंसा और आंतरिक वित्तीय सलाहकार की सहमति के बाद दी गई है।
इस योजना के लागू होने से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं को निःशुल्क व्यायाम की सुविधा मिलेगी, जिससे स्वस्थ समाज की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें