बक्सर में तेज आंधी-पानी ने मचाई तबाही, दो घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
ब
बक्सर जिले में गुरुवार को अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। जिले के विभिन्न इलाकों से पेड़ और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पहली घटना इटाढ़ी थाना क्षेत्र के साहीपुर गांव की है। यहां 26 वर्षीय आशुतोष कुमार अपनी मां सब्या देवी के साथ घर के दरवाजे के पास खड़ा था। उसी दौरान तेज आंधी में दरवाजे के पास खड़ा शीशम का पेड़ अचानक टूटकर दोनों के ऊपर गिर गया। इस हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में भर्ती आशुतोष कुमार ने बताया कि उसकी मां सब्या देवी की हालत काफी नाजुक है। उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामडिहा गांव की है। यहां 25 वर्षीय महिला गुड़िया देवी आंधी आने के दौरान छत पर सूखे कपड़े उतारने गई थी। तभी तेज हवा के कारण छत पर बना लगभग पांच फीट ऊंचा पक्का दीवार भरभरा कर उसके ऊपर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से उसके पति संतोष कुमार ने अस्पताल पहुंचाया। संतोष कुमार ने बताया कि घटना के वक्त वह मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर था और सूचना मिलते ही घर पहुंचा।
हालंकि मौसम विभाग ने पहले ही जिले में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी।इन घटनाओं ने न सिर्फ परिवारों को संकट में डाल दिया है, बल्कि इलाके के लोगों को भी प्राकृतिक आपदा से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें