मारपीट कर शराब तस्करों के ही शराब की खेप छीन लेने वाले गैंग का खुलासा,गिरोह के आठ लोग गिरफ्तार,
उत्तर प्रदेश से ही करते थे शराब के खेप की रेकी, बक्सर-रघुनाथपुर के बीच उतारते थे शराब
शराब तस्करी के नायाब तरीके अपनाने वाले एक गिरोह को धर दबोचने में डुमरांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ये तस्कर अन्य शराब तस्करों से ही मारपीट कर उनके खेप की शराब को छीनकर बेचते थे। प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि ट्रेन से शराब तस्करी करने वाले तस्करों के साथ मारपीट कर उनके शराब की खेप को ये तस्कर बीच के स्टेशनों पर ही उतार लेते थे। ये पुलिस की रडार पर लंबे समय से थे। रविवार को नया भोजपुर पुलिस ने इनपर कारवाई करते हुए प्रतापसागर के बीएड कॉलेज के समीप से धर दबोचा है। उनके पास से कुल 23.04 लीटर अंग्रेजी शराब, 36,500 रूपये नगद और एक बाइक बरामद की गई है।
चेन पुलिंग कर उतारते थे शराब
एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि गिरोह के कुछ अभियुक्त उत्तर प्रदेश के जिन स्टेशनों से शराब की खेप चढ़ती थी, उसकी सूचना अपने अन्य साथियों को देते थे। कुछ अभियुक्त ट्रेन में चढ़कर शराब की रेकी करते थे और कुछ अभियुक्त चौसा और बक्सर स्टेशनों से ही ट्रेन पर चढ़कर शराब उतारने की फिराक में लग जाते थे। सब मिलकर बक्सर से डुमरांव के बीच में चेन पुलिंग कर शराब उतारते थे। जिन शराब तस्करों की शराब होती थी उनके साथ मारपीट भी करते थे। बताया जा रहा है कि शराब तस्करी के इस तरीके को रोकने के लिए कई दिनों पूर्व ही मास्टर प्लान तैयार किया गया था। रविवार को साक्ष्य पुख्ता होने पर पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर कारवाई की है।
कितने लोगों के तार जुड़े इसकी कारवाई शुरू
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के पकड़े गए अभियुक्तों से कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि कौन तस्कर तस्करी में संलिप्त है, किन तस्करों के शराब की खेप इस गिरोह के तस्कर छीनते थे इसकी भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही इस तस्करी में और किन लोगों के तार जुड़े है इसकी भी जांच पुलिस कर रही हैं। एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि पकड़े गए शराब तस्करों में से तीन का अपराधिक इतिहास भी है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार, एसआई सुमन कुमार, एएसआई रहमान खान और डीआईयू टीम की इस कारवाई को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। पकड़े गए सभी तस्करों को जेल भेजने की तैयारी में पुलिस जुट गई है जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
ये तस्कर है संलिप्त
पकड़े गए सभी तस्कर बक्सर जिले के ही रहने वाले है। तस्करों में बक्सर के तुर्कपूरवा निवासी हैदर खान उम्र 35 वर्ष पिता अमितुल्ला खान, बक्सर के शाहिद खान उर्फ छोटन उम्र 27 वर्ष पिता ताहिर खान, बक्सर के ही प्रीतम कुमार उम्र 27 वर्ष पिता उदय नारायण राम, पिथनी के जयराम यादव उम्र 19 वर्ष पिता महेंद्र यादव, मंझरिया के निखिल सिंह उम्र 19 वर्ष पिता संजय सिंह, बक्सर के उज्ज्वल कुमार सिंह उम्र 19 वर्ष पिता शिव मोहन सिंह, बक्सर बीडीओ ब्लॉक निवासी रंजीत कुमार मिश्रा उम्र 18 वर्ष पिता स्व. कृष्णमुरारी मिश्रा, और बरूना के रवि यादव पिता वशिष्ठ सिंह शामिल हैं। एसडीपीओ ने बताया कि इन तस्करों के तार किससे जुड़े है, इसकी भी तहकीकात की जा रही हैं।
छूटे कई सवालिया निशान
पकड़े गए तस्करों पुलिस ने पुलिस को बताया कि वो हर एक दिन बीच लगाकर शराब उतारते थे। ऐसे में पुलिस की यह कारवाई रेल पुलिस पर भी कई सवालिया निशान छोड़ती नजर आती है। रेल पुलिस की नाक के नीचे प्रतिदिन पटना डीडीयू रेलखंड पर ऐसी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है और रेल पुलिस को इसकी खबर तक नहीं। बहरहाल एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि पुलिस अपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। शराब तस्करों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। शराब तस्करी के किसी भी तरीके को अपनाने वाले तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी सूरत में आपराधिक गतिविधियों पर कारवाई करेंगे।
कहते हैं एसडीपीओ
शराब तस्करों की खेप छीनकर शराब बेचने की सूचना मिली थी। आठ तस्करों को नया भोजपुर थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। अग्रिम कारवाई की जा रही है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें