बक्सर। नगर परिषद बक्सर द्वारा खुले में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध और वेंडिंग ज़ोन निर्धारित करने के निर्णय का विश्वामित्र सेना ने स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने इसे नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक मर्यादा और स्वच्छता के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगठन इस विषय पर आवाज़ उठा रहा था। अब नगर परिषद ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जो निर्णय लिया है, वह सराहनीय है और इससे धार्मिक एवं सामाजिक समरसता भी बनी रहेगी।
राजकुमार चौबे ने प्रशासन से मांग की कि यह आदेश केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि रामनवमी से पहले इसे प्रभावी रूप से लागू भी किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नगर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में खुले में मांस विक्रय प्रतिबंधित रहना आवश्यक है।
इस अवसर पर संगठन के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक उपाध्याय ने भी नगर परिषद के निर्णय की सराहना की और प्रशासन से रामनवमी से पूर्व इसकी सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान नगर के सभी नागरिकों का दायित्व है।

