द एआरसी स्कूल का 9वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
बक्सर जिले के अखौरीपुर गोला स्थित द एआरसी स्कूल का 9वां वार्षिकोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी सराहना उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खुले दिल से की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सुधाकर सिंह, सांसद बक्सर ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर अनुमंडलाधिकारी श्री धीरेन्द्र मिश्रा एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धीरज कुमार उपस्थित रहे। अति विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री संतोष निराला ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक कमजोरी को शिक्षा प्राप्त करने में बाधा नहीं बनने देना विद्यालय की एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में क्षेत्र एवं जिले के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे, जिनमें अशोक कुमार, बीडीओ चौसा, शुभम कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी चौसा, बंटी शाही, जिला परिषद सदस्य, संजय सिंह, वरिष्ठ जदयू नेता, श्रवण तिवारी, सचिव रेडक्रॉस, विजय मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता, राकेश राय उर्फ कल्लू राय, समाजसेवी शाहाबाद, प्रकाश पांडेय, समाजसेवी, सौरभ तिवारी, जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा, अविनाश पांडेय, जिला संयोजक सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न समाचार पत्रों के ब्यूरो चीफ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को व्यापक कवरेज दी।
विद्यालय के बच्चों ने संगीत, नृत्य, नाटक और योग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और अभिभावकों को अपने बच्चों की प्रतिभा पर गर्व महसूस हुआ। मुख्य आकर्षण सामूहिक नृत्य, नाटक, योग प्रदर्शन और सांस्कृतिक गीत रहे।
विद्यालय के प्रबंधक सह प्रिंसिपल श्री सरफराज खान एवं सचिव तरन्नुम निशा ने सभी अतिथियों का स्वागत बुके, मोमेंटो और साल देकर किया। मुफ्फसिल थाना के दरोगा हामिद वारसी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि संस्कार और सुरक्षा भी प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि नृत्य, संगीत, योग और खेलकूद के माध्यम से शिक्षा को तनावमुक्त और आनंददायक बनाया गया है, जो कि सराहनीय प्रयास है।
पूर्व मंत्री संतोष निराला ने विद्यालय के अभिभावकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सुभाष कुमार, उप निदेशक सुहैल सिद्दीकी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को अतिथियों एवं अभिभावकों ने बधाई दी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें