बक्सर पहुंचे बिहार विधान परिषद के सदस्य और जदयू नेता भगवान सिंह कुशवाह ने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकारी जमीनों पर कब्जे को लेकर राजद पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही, बिहार के आगामी बजट को जनता के हित में बताया।
भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि बिहार में जमीन को लेकर सबसे अधिक विवाद होते हैं, लेकिन यह विवाद अपनी निजी जमीन को लेकर नहीं, बल्कि सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के लोग सरकारी जमीन ही नहीं, बल्कि कब्रिस्तान तक पर अवैध कब्जा जमाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मुसलमान भाइयों की आस्था से जुड़े कब्रिस्तानों की घेराबंदी करा रही है, जबकि राजद के लोग उन पर कब्जा करने में लगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बेतिया और मोतिहारी में हुए सर्वे के दौरान करोड़ों एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का खुलासा हुआ है। आने वाले समय में भी जमीन सर्वे का काम जारी रहेगा, जिससे और भी सरकारी जमीनों की सच्चाई सामने आएगी।
भगवान सिंह कुशवाह बक्सर में सरस्वती पूजा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिहार का बजट पेश किया जाएगा, जो हर वर्ग के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार का बजट तीन लाख करोड़ रुपये का होगा, जिससे राज्य के विकास को और रफ्तार मिलेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। विपक्ष की भूमिका कांग्रेस के बजाय अब राजद निभा रहा है। उन्होंने कांग्रेस को मृतप्राय पार्टी करार देते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ तेजस्वी यादव उठा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वे बिना वजह सरकार की आलोचना करने के बजाय बजट का सही से अध्ययन करें और फिर अपनी राय रखें।भगवान सिंह कुशवाह के इस बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
