बक्सर में बिहार की बेटी स्नेहा मौर्य को न्याय दिलाने के लिए विशाल आक्रोश मार्च
बक्सर। बिहार की बेटी स्नेहा मौर्य की संदिग्ध मौत के विरोध में भारतीय सार्थक पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव विनोद कुमार मौर्य के नेतृत्व में मंगलवार को बक्सर में एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। इस मार्च में हजारों लोगों ने शामिल होकर न्याय की मांग उठाई।
आक्रोश मार्च किला मैदान से शुरू होकर पुलिस चौकी, पिपरपांती रोड, मुनीम चौक, नगर परिषद होते हुए ज्योति चौक तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर न्याय की मांग की और दोषियों को फांसी देने की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में उत्तर प्रदेश प्रशासन अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रहा है और न्याय दिलाने में असफल रहा है।
प्रदेश प्रधान महासचिव विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि स्नेहा मौर्य, जो बिहार के सासाराम की रहने वाली थी, वाराणसी में नीट की तैयारी कर रही थी। वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है, और इसमें गहरी साजिश रची गई है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और कहा है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और इसमें संलिप्त पुलिस अधिकारियों की बर्खास्तगी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस आक्रोश मार्च में भारतीय सार्थक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर चौहान, संतोष चौहान, प्रदेश प्रभारी बुद्धिराजा कुशवाहा, जिलाध्यक्ष वकील मल्लाह, संजय यादव, रामाश्रय यादव, कुमार राधेश्याम पासवान सहित कई अन्य नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें