चौसा प्रखंड में कांग्रेस का हर घर अधिकार योजना से कराया अवगत
बक्सर : कांग्रेस के नेता पंकज उपाध्याय ने चौसा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लोगों को महागठबंधन की महत्वाकांक्षी हर घर अधिकार योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद इस योजना से हर परिवार को खुशहाली मिलेगी।
पंकज उपाध्याय ने बताया कि गठबंधन की सरकार बनते ही राज्य के हर परिवार को 28 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये उद्योग के लिए दिया जाएगा, जिससे वे रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही, हर परिवार को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध होगा, जिससे निजी और सरकारी दोनों अस्पतालों में निःशुल्क इलाज कराया जा सकेगा।
महिलाओं के लिए माई-बहिन मान योजना के तहत हर जरूरतमंद महिला को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीं विधवा, दिव्यांगजन और वृद्ध लोगों को 1500 रुपये पेंशन मिलेगा, जिसमें हर वर्ष 200 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि फ्री टेबलेट योजना के तहत 8वीं से 12वीं कक्षा तक के सभी छात्र-छात्राओं को टेबलेट दिया जाएगा। इसके अलावा हर परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस योजना के फॉर्म और 28 लाख रुपये की चेकबुक घर-घर जाकर भरवा रहे हैं, ताकि लोग इससे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासित कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में लोग पहले से ही इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी इस प्रकार की योजनाएं चल रही थीं, जिनसे जनता को सीधा फायदा मिला।
इस मौके पर चौसा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राजा रमण पाण्डेय, विवेक चौबे, राजा चौबे, शतीश सिंह, लक्ष्मण उपाध्याय समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और कांग्रेस नेता की बातों को ध्यानपूर्वक सुना।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर बिहार में गरीबी, बेरोजगारी और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस और महागठबंधन पर भरोसा जताते हुए इस योजना को सफल बनाने में सहयोग करें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें