सबसे बड़े सनातनी किसान, सरकार कर रही उपेक्षा : विश्वामित्र सेना

बक्सर। विश्वामित्र सेना ने किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि सनातन धर्म में अन्नदाता को सबसे बड़ा सम्मान दिया गया है। भगवान स्वयं कृषक के रूप में अवतार लेते हैं और कृषि को सर्वोच्च कर्म बताया गया है। ऐसे में किसान ही सबसे बड़े सनातनी हैं, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि आज उसी किसान की उपेक्षा की जा रही है।


उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आती है, लेकिन किसानों के लिए न तो मंडी की कोई ठोस व्यवस्था बन पाई और न ही उनकी जमीन का सही मुआवजा मिल पाता है। चौबे ने आरोप लगाया कि जब विकास के नाम पर किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाती है तो उन्हें उचित दर नहीं दी जाती। कई बार तो वर्षों तक मुआवजा लंबित रहता है। परिणामस्वरूप किसान अपनी पैतृक जमीन से भी वंचित हो जाते हैं और मजबूरी में पलायन करने पर विवश हो जाते हैं।

विश्वामित्र सेना ने कहा कि अगर आज किसान खेतों में अनाज उगाना बंद कर दें तो देश का कोई भी वर्ग एक दिन भी नहीं टिक पाएगा। बावजूद इसके उनकी समस्याओं पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती। मंडियों के अभाव में किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। वहीं खाद, बीज और डीजल की महंगाई ने उनकी कमर तोड़ दी है।

चौबे ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते किसानों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए तो विश्वामित्र सेना बड़े आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगी। उन्होंने कहा कि देश और समाज के हर वर्ग को यह समझना होगा कि किसान सिर्फ अन्नदाता ही नहीं बल्कि सनातन धर्म की परंपरा और संस्कृति का भी रक्षक है।

उन्होंने मांग की कि प्रत्येक जिले में कृषि मंडी का स्थायी ढांचा बनाया जाए, अधिग्रहित जमीन का मुआवजा समय पर और बाजार दर से अधिक दिया जाए तथा किसानों को खाद-बीज और सिंचाई की सुविधाएं रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएं।

राजकुमार चौबे ने अंत में कहा कि सनातन की रक्षा तभी संभव है जब किसान सुरक्षित और समृद्ध होगा। इसलिए विश्वामित्र सेना हर स्तर पर किसानों की आवाज बुलंद करती रहेगी।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अनुसूचित जनजाति राज्य आयोग के सदस्य ने की समीक्षा बैठक, कई विभागों को दिए निर्देश

बक्सर के डॉ. जगनारायण मिश्र का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चौसा नगर का नाम किया रोशन

चौसा स्वास्थ्य केंद्र में नई रोगी कल्याण समिति का गठन, चंदा देवी बनीं सदस्य