बनारपुर में कर्म मेरा सेवा सहयोग एकता मंच द्वारा एंबुलेटरी कैंप का आयोजन
,शिविर में कुल 92 पशुपालकों ने भाग लिया और उनके 405 पशुओं का किया गया इलाज
बक्सर जिले के चौसा प्रखंड स्थित बनारपुर पंचायत में कर्म मेरा सेवा सहयोग एकता मंच द्वारा एंबुलेटरी कैंप का आयोजन कराया गया। इस शिविर का उद्देश्य पशुपालकों को निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाएं, दवा वितरण और गर्भ जांच जैसी सुविधाएं प्रदान करना था।शिविर में कुल 92 पशुपालकों ने भाग लिया और उनके 405 पशुओं का इलाज किया गया। पशुपालकों को न केवल निःशुल्क दवाएं दी गईं, बल्कि उन्हें पशु स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस शिविर में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पशुओं का ईलाज किया, आवश्यक दवाओं का वितरण किया और गर्भ जांच जैसी सेवाएं प्रदान कीं। उनके साथ MVU चौसा एवं राजपुर की टीम, जिसमें डॉ. अनुराग यादव, डॉ. गौरव विशाल और पैरावेट अमित कुमार सिंह शामिल थे, ने पूरी निष्ठा के साथ सहयोग किया।
टॉल फ्री नंबर 1962 की दी जानकारी
शिविर के दौरान लोगों को बताया गया कि MVU (मोबाइल वेटरनरी यूनिट) प्रतिदिन दो गांवों में ऐसे ही शिविर आयोजित करता है। साथ ही, टॉल फ्री नंबर 1962 के बारे में भी जागरूक किया गया। इस नंबर पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच कॉल कर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श लिया जा सकता है।
सामाजिक संगठनों का सहयोग
"कर्म मेरा सेवा सहयोग एकता मंच" के जिला प्रभारी उमरेश कुमार कुशवाहा ने शिविर के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पशुपालकों को इस शिविर के लाभों के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।यह शिविर पशुपालकों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध हुआ और पशुपालन विभाग के प्रयासों की सराहना की गई। इस प्रकार के शिविर न केवल पशुओं के स्वास्थ्य के लिए बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को जागरूक करने के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें